वाराणसी। जनवरी के पहले हफ्ते से शुरू हो रहे माघ मेले के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। गंगा घाटों के किनारे स्थित होटलों, धर्मशालाओें, गेस्ट हाउसों और लॉजों का पुलिस रोजाना औचक निरीक्षण करेगी। इसके साथ ही प्रमुख गंगा घाटों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष कांस्टेबल तैनात रहकर आमजन की गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने शुक्रवार को बताया कि माघ स्नान की तिथियों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर गंगा में जल पुलिस तैनात रहेगी और एनडीआरएफ की भी मदद ली जाएगी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर थानेदार अपने क्षेत्र के होटलों और इस तरह के अन्य स्थानों का औचक निरीक्षण कर वहां ठहरने वालों का विवरण चेक करेंगे। इसके साथ ही एटीएस से कमांडो प्रशिक्षण लेकर लौटे पुलिसकर्मियों की टीम को भी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तैनात किया जाएगा।