मिर्जामुराद। राष्ट्रीय राजमार्ग दो पर मिर्जामुराद के लालपुर चट्टी में सोमवार को इलाहाबाद से वाराणसी की तरफ आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस से कुचलकर बाइक सवार आशीष कुमार वर्मा उर्फ सुंदरम (22) और उसकी मां मानती देेवी (45) की मौत हो गई। बस से टक्कर लगने के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई। मां-बेटे सड़क पर गिर पड़े और बस उन्हें कुचलते हुए निकल गई। हादसे के चलते लगभग आधा घंटे तक एनएच-टू पर यातायात बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। साथ ही, भाग रहे बस चालक को ग्रामीणों की मदद से हिरासत में लेने के साथ ही बस अपने कब्जे में ले ली।
मिर्जामुराद के करधना (कलवरिया) का आशीष अपनी मां मानती देवी को बाइक पर बैठाकर भोजपुर (रूपापुर) स्थित ननिहाल जा रहा था। लालपुर चट्टी में सड़क पार करते समय इलाहाबाद की ओर से आ रही रोडवेज की अनुबंधित बस ने आशीष की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। मां-बेटा छिटककर सड़क पर जा गिरे और बस उन्हें कुचलते हुए निकल गई। आशीष ने हेलमेट भी पहन रखा था लेकिन पहियों के नीचे आ जाने के चलते उसकी जान नहीं बच सकी। बाइक की डिक्की में मौजूद कागजात से आशीष की शिनाख्त हुई तो परिवारीजनों को हादसे की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि आशीष जगतपुर डिग्री कॉलेज से बीएससी सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रहा था। तीन भाइयों में सबसे बड़े आशीष के पिता राजकुमार मुंबई में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उधर, मिर्जामुराद थानाध्यक्ष ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है और हिरासत में लिए गए चालक की शिनाख्त मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के पुरजागीर निवासी सुनील के तौर पर हुई है।