सकलडीहा। दुर्गापूजा की मूर्ति विर्सजन के बाद भी क्षेत्र के कई सरोवरो की साफ सफाई न होने पर ग्रामीणों में आक्रोश पनपने लगा है। शनिवार को सकलडीहा कस्बा व चतुर्भुजपुर स्थित सरोवरों की सफाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने नारेबाजी किया। चेताया कि शीघ्र साफ सफाई शुरू नहीं हुई तो ग्रामीण सांसद, विधायक और अधिकारियों का पुतला फूंकेंगे जिसकी जिमेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन द्वारा दूर्गा पूजा के बाद मूर्ति विर्सजन के लिए तालाबों को चिह्नित किया गया था। लेकिन मूर्ति विर्सजन के बाद तालाबों की साफ सफाई न होने पर प्रतिदिन स्नान ध्यान करने वालों को काफी परेशानी होती है। मूर्ति में लगी लकड़ी से स्नान करने वाले चोटिल हो जा रहे हैं। जबकि डाला छठ का त्योहार करीब होने के बाद भी जिला प्रशासन तालाबों की साफ सफाई को लेकर उदासीन है। ग्रामीणों ने चेताया कि तालाबों के सफाई का कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं हुआ तो वे जनप्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन का पुतला फूंकेंगे तथा 25 अक्तूबर को मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौपेंगे। इस दौरान बृजेश बरेली, गुलाब चंद्र प्रजापति, नीरज शर्मा, नंदू राय, बेचन शर्मा, सीताराम, पिंटू शर्मा, सुनील चौहान, मूसे शर्मा, सियाराम राय, मंगल राय, लालता, गुड्डू, तूफानी यादव, आनंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।