वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में धरने पर बैठे छात्रों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन का अलग तरीका अपनाया। छात्रों ने सिर मुंडवा कर कुलपति का पिंडदान किया। वहीं, शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी धरना प्रदर्शन जारी रहा।
संस्कृत विश्वविद्यालय में अपनी-अपनी मांगों को लेकर छात्र, शिक्षक, कर्मचारी और अधिकारी पिछले दस दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के रवैये से नाराज छात्रों ने सोमवार को छात्रसंघ अध्यक्ष प्रिया चौबे के नेतृत्व में मुंडन संस्कार कराया और कुलपति का पिंडदान कर विरोध जताया। इसमें अभिषेक शुक्ला, विपिन चौबे, रंजीत कुमार तिवारी, विवेक कुमार चौबे, प्रदीप पांडेय, विनय मिश्र, विकास द्विवेदी, प्रेम प्रकाश उपाध्याय, बृजनंदन दूबे और मनीष कुमार मिश्र आदि शामिल थे। वहीं, वेतन के लिए कर्मचारियों का भी धरना जारी रहा। इसमें कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार तिवारी, प्रदीप कुमार पांडेय, विनय कुमार, अमरेंद्र कौशिक, डा. हरिवंश पांडेय, राणा प्रतापचंद और विष्णु शाही आदि शामिल थे।