शिवपुर। सनबीम स्कूल वरुणा के छात्र प्रशांत पांडेय की मौत एक पहेली बन गई है। आखिर ऐसी क्या बात हुई थी कि वह अचानक प्रिंसिपल कक्ष से निकला और सीधे हॉस्टल बिल्डिंग की ओर भागा चला गया। संभवत: प्रशांत का मनोविज्ञान समझने में किसी न किसी स्तर पर बड़ी चूक हुई और नतीजतन ऐसी हृदयविदारक घटना हुई कि जिसे सुनते ही सभी स्तब्ध रह गए।
प्रशांत की हत्या के संबंध में दर्ज मुकदमे की तफ्तीश में जुटी शिवपुर पुलिस के अनुसार प्रशांत सनबीम स्कूल के हॉस्टल में नहीं रहता था। ऐसे में जब वह स्कूल बिल्डिंग से हॉस्टल बिल्डिंग की ओर जा रहा था तो उसे रोका जा सकता था। यह बात पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद हर किसी की जुबान पर भी रही। कहना था कि हॉस्टल की छत की ओर तेजी से प्रशांत को अकेले जाते देख वहां मौजूद कर्मचारियों को उसे रोकना चाहिए था। सीसीटीवी कैमरों की मॉनीटरिंग करने वाले शख्स को प्रशांत को छत की ओर अकेले जाते देख विद्यालय प्रबंधन को तत्काल सूचना देनी चाहिए थी। उधर, शिवपुर पुलिस ने विद्यालय में मौजूद कर्मचारियों और शिक्षकोें से घटना के संबंध में पूछताछ की। प्रशांत की दर्दनाक मौत की जानकारी पाकर बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस पर कई अभियोजन अधिकारी व न्यायिक अधिकारी पहुंचे और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना जताए। हालांकि, सनबीम स्कूल वरुणा के शिक्षक और कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस पर नहीं दिखे। इसे लेकर मौजूद लोगों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली।
किसके साथ स्कूल जाऊंगा, किसे कहूंगा भैया
वाराणसी। कुछ घंटों पहले ही घर से रोजाना की तरह स्कूल निकले प्रशांत के परिवारीजनों को जब उसके गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिली तो मानों उनकी आंखों के सामने अंधेरा पसर गया। कोई समझ ही नहीं पाया कि अचानक यह सब क्या हो गया। बदहवास भागे-दौड़े सभी बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। पिता प्रजेश और मां शीला के अलावा छोटे भाई प्रभाष की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
शाम को डॉक्टरों ने जैसे ही प्रशांत की मौत की पुष्टि की, मां शीला बेहोश हो गई। वहीं, पिता पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। ट्रॉमा सेंटर पहुंचे उनके साथी बड़ी मुश्किल से उन्हें संभाल पा रहे थे। छोटा भाई प्रभाष बार-बार यही कह रहा था कि अब किसके साथ स्कूल जाऊंगा... किसे भैया कहूंगा...। बीएचयू पोस्टमार्टम हाउस पर सदमे में डूबे परिवारीजनों की हालत देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें डबडबा गईं।
स्कूल प्रबंधन ने ब्लू व्हेल पर भी जताया शक
प्रशांत के परिवारीजनों की ओर से गुरुवार की देर रात स्कूल प्रबंधन के खिलाफ तहरीर दी गई। जिसके आधार पर शिवपुर थाने में स्कूल प्रबंधन और कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। वहीं, चेयरमैन दीपक मधोक और प्रिंसिपल डॉ. अनुपमा मिश्रा के अनुसार आजकल ब्लू व्हेल जैसे खतरनाक ऑनलाइन गेम भी किशोरों को भटका रहे हैं। इस संबंध में शिवपुर पुलिस का कहना था कि घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच की जाएगी। प्रशांत के शिक्षकों और दोस्तोें से विस्तार से पूछताछ की जाएगी। पता लगाया जाएगा कि प्रशांत स्मार्ट फोन उपयोग करता था या नहीं। यदि स्मार्ट फोन उपयोग करता था तो उसे स्कूल लेकर आने की अनुमति कैसे दी गई थी। यदि वह मोबाइल का उपयोग करता था तो आखिरी बार उसकी किससे बात हुई थीं। उसकी कॉल डिटेल की पड़ताल की जाएगी।