चौबेपुर/आराजीलाइन। दो दिन की झमाझम बारिश से खुश किसान खरीफ की खेती में जुट गए हैं। धान की रोपाई ने जोर पकड़ लिया है तो उड़द, मूंग, बाजरा, तिल, मक्का, ज्वार और अरहर की बुवाई भी शुरू हो गई है। हालांकि सरकारी गोदामों में अच्छे किस्म का बीज न मिलने से किसानों को परेशानी हो रही है।
चौबेपुर क्षेत्र के चंद्रावती, मुनारी, भगतुआ, जाल्हूपुर, कादीपुर, सोनबरसा, डुबकिया और धौरहरा आदि गांवों में रविवार को किसान धान की रोपाई में व्यस्त दिखे। किसानों ने बताया कि अब खेतों में इतना पानी भर गया है कि धान की रोपाई आसानी से की जा सकती है। वहीं, कादीपुर के किसान रमाशंकर मौर्या, अनेवा के रामजी, अजांव के मदनगोपाल उपाध्याय, टाड़ के कन्हैया यादव और गरथौली के भुल्लन सिंह ने बताया कि सरकारी बीज गोदाम पर जो बीज मिल रहे हैं, उनसे कम दाम पर वही बीज बाजार में उपलब्ध हैं। इसी तरह आराजीलाइन क्षेत्र के किसानों ने भी बुवाई के साथ धान की रोपाई शुरू कर दी है। सहायक विकास अधिकारी कृषि नागेंद्र नाथ मिश्र का कहना है कि जिन खेतों में बारिश का पानी भर गया है, उन किसानों को तत्काल धान की रोपाई शुरू कर देनी चाहिए। वहीं, जहां सिंचाई की सुविधा नहीं है, उन क्षेत्र में तिल, अरहर और आदि की बुवाई शुरू कर देनी चाहिए।