चंदौली। जिला उद्योग विभाग की ओर से शनिवार को विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए का साक्षात्कार हुआ। इस दौरान सीडीओ श्रीकृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता वाली चयन समिति के समक्ष कुल 135 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया, जिसमें 81 लोगों का चयन किया गया। इसे लेकर विकास भवन परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल कायम रहा।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र की ओर से प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के चयन के लिए सीडीओ की अध्यक्षता में समिति की गठन किया गया है। उक्त समिति ने शनिवार को विकास भवन सभागार में साक्षात्कार आयोजित कर बेरोजगार अभ्यर्थियों की दक्षता को परखा और उनसे रोजगार से जुड़े हुए कई सवाल किए। इस दौरान सीडीओ ने एक-एक अभ्यर्थियों से उद्योग स्थापित करने के प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी मांगी। अभ्यर्थियों ने टेन्ट हाउस, राइस मिल, आटा चक्की, रेडीमेड कपड़े की दुकान आदि खोलने की अपनी योजना के बारे में समिति को बताया। उन्होंने यह भी बताया कि वह किस प्रकार रोजगार सृजन कर उसका विकास स्थानीय मार्केट को ध्यान में रखकर करेंगे। सीडीओ ने कहा कि सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का सही तरीके से उपयोग करें और जो भी धन रोजगार सृजन के लिए बैंकों से ऋण के रूप में लें उसका समय से अदायगी भी अवश्य करें। इस अवसर पर गौरव मिश्रा, यूपी सिंह, जेपी यादव, शम्भू कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।