लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की ओर से कनिष्ठ कार्यपालक प्रशिक्षुओं के लिए 21 सप्ताह के व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य नवचयनित अधिकारियों को संचार, नेविगेशन और सर्विलांस (सीएनएस) प्रणालियों के संचालन, अनुरक्षण और तकनीकी दक्षता से परिचित कराना है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने हाल ही में जूनियर एग्जीक्यूटिव (इलेक्ट्रॉनिक्स) के 503 पदों पर चयन किया है। इन अधिकारियों को देश के विभिन्न एयरपोर्टों और प्रशिक्षण केंद्रों पर चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी एयरपोर्ट को भी प्रशिक्षण केंद्र बनाया गया है, जहां 21 सप्ताह तक विशेषज्ञों की निगरानी में तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान सीएनएस विभाग के प्रभारी सहित एयरपोर्ट के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा कि किसी भी एयरपोर्ट के सुरक्षित और निर्बाध संचालन में कम्युनिकेशन, नेविगेशन और सर्विलांस प्रणाली की अहम भूमिका होती है। उड़ानों का सुरक्षित संचालन, सटीक नेविगेशन, सुरक्षित लैंडिंग और हवाई यातायात प्रबंधन पूरी तरह इन प्रणालियों की दक्षता पर निर्भर करता है। ऐसे में प्रशिक्षित और तकनीकी रूप से दक्ष अधिकारियों की आवश्यकता लगातार बढ़ रही है।
सीएनएस विभाग के प्रभारी ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक रडार प्रणाली, एयर-टू-ग्राउंड संचार प्रणाली, नेविगेशन उपकरण, सर्विलांस सिस्टम और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट से जुड़े उपकरणों के संचालन, अनुरक्षण तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षुओं को अत्याधुनिक तकनीकों से भी अवगत कराया जाएगा।