फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौवीं के तीन छात्र गंगा में डूबे, मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
रामनगर। अस्सी घाट के सामने डेहरवा बाबा घाट पर रविवार को गंगा में नहाने के दौरान कक्षा नौ में पढ़ने वाले तीन छात्रों की डूबने से मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस और एनडीआरएफ के जवानों ने तीनों छात्रों के शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। हृदयविदारक घटना से परिजनों में कोहराम मचा गया।
विज्ञापन

रामनगर स्थित 36वीं वाहिनी पीएसी कॉलोनी में रहने वाला सूर्य प्रताप सिंह (15), कोदोपुर का पीयूष मिश्रा (15) और चंदौली के कटेसर का प्रियांशु पटेल (15) पीएसी तिराहा के पास स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ते थे। रोजाना तीनों अपने कुछ दोस्तों के साथ गंगा के रेत पर बैडमिंटन खेलने जाते थे। रविवार की सुबह तीनों ने अपने दो दोस्तों के साथ रेत पर बैडमिंटन खेला और फिर गंगा में नहाने का मन बनाया। नहाने के दौरान पीयूष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए प्रियांशु और सूर्य प्रताप बढ़े। प्रियांशु और सूर्य प्रताप ने शोर मचाया लेकिन रेत में उनकी आवाज कोई नहीं सुन सका। देखते ही देखते तीनों छात्र गंगा में डूब गए।
सूचना पाकर एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। सूर्य प्रताप की सांसे चल रही थी तो उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। तीनों छात्र के साथ उनके दो दोस्त कौन थे, इसका पता नहीं लग सका। घटना की सूचना मिलते ही गंगा किनारे सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई थी और परिजनों के साथ ही मौजूद सभी लोगों की आंखें नम थीं।
विज्ञापन

गंगा की लहरों ने रविवार को एक साथ तीन घरों के चिरागों को अपनी आगोश में समेट लिया। एक तरफ लोग लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए जुटे थे तो तीन घरों में एक साथ पहुंची मनहूस खबर ने जीवन भर न भूल सकने वाला दुख दे दिया। गंगा में डूबे तीनों छात्रों की एक-एक बहन है। सूर्य प्रताप की छोटी बहन स्मृति का रो-रोकर बुरा हाल था तो प्रियांशु की छोटी बहन शीतांशु घर मे भीड़ देख अवाक थी। वहीं, पीयूष की बड़ी बहन रुचि को संभाल पाना परिजनों के लिए मुश्किल हो रहा था। परिजनों ने बताया कि सूर्य प्रताप के पिता राजेश कुमार सिंह 36वीं वाहिनी पीएसी के डिप्टी कमांडेंट के ड्राइवर हैं। कटेसर के प्रियांशु के पिता मनोज कुमार सिंह प्राइवेट नौकरी करते हैं। पीयूष के पिता महेश मिश्रा प्राइवेट नौकरी करते हैं। मूल रूप से चंदौली के चकिया निवासी महेश कोदोपुर में मकान बनवा कर रहते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें