वाराणसी। चौकाघाट स्थित सार्वजनिक शौचालय के समीप रविवार को खुद को पुलिसकर्मी बता कर दो उचक्के जौनपुर से आए व्यापारी भरत लाल चौरसिया से एक लाख दस हजार रुपये और सोने की चेन लेकर भाग निकले। घटना के संबंध में भुक्तभोगी व्यापारी ने चेतगंज थाने पर सूचना दी है।
जौनपुर के चंदवक से आए व्यापारी भरत लाल ने बताया कि वो चौकाघाट बस स्टैंड के समीप बस से उतरे। इसकेे बाद समीप ही स्थित सार्वजनिक शौचालय से लघुशंका करके बाहर निकले तो दो युवकों ने उन्हें अपने पास बुलाकर खुद को पुलिस बताया और चेकिंग कराने को कहा। चुनाव की आचार संहिता का हवाला देकर दोनों ने भरत लाल का बैग चेक किया और गले में पहनी हुई सोने की चेन भी उतरवाई।
इसके बाद समीप से गुजर रहे एक अन्य युवक को दोनों ने बुलाया और उसकी भी चेकिंग कराई। इसके बाद दोनों ने व्यापारी को पैसा और चेन बैग में ही लेकर जाने की बात कही। व्यापारी भरत लाल पानदरीबा पहुंचे और खरीदारी के बाद पैसे देने के लिए बैग खोला तो एक लाख दस हजार रुपये और उनकी सोने की चेन गायब थी। रुपये और चेन गायब देख बदहवाश हाल में व्यापारी चेतगंज थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। इस संबंध में इंस्पेक्टर चेतगंज ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।