वाराणसी। अमेरिका में रहने वाली प्रवासी भारतीय सरोजा दुग्गल ने जिले के एक भाजपा विधायक के भतीजे और उनके समर्थकों पर मकान कब्जा करने का आरोप लगाया है। सरोजा का आरोप है कि विधायक के प्रभाव में आकर सिगरा पुलिस उनकी तहरीर पर मुकदमा नहीं दर्ज कर रही है और तीन दिन से थाने का चक्कर कटवा रही है।
सिगरा थाने पर मंगलवार को मौजूद सरोजा ने बताया कि काशी विद्यापीठ रोड पर उनका पुश्तैनी मकान है। पति की मौत के बाद वो अमेरिका में रहने वाले इंजीनियर बेटे के पास रहती हैं। बीते दो साल से वो और उनका बेटा घर नहीं आए थे। इसी बीच उन्हें पता लगा कि उनके मकान पर जिले के एक भाजपा विधायक का भतीजा कब्जा कर रहा है। सरोजा अपने बेटे के साथ शहर आईं तो उन्होंने देखा कि उनके मकान के मुख्य गेट पर भाजपा विधायक के भतीजे ने अपना नाम लिखवा कर ताला लगा दिया है। इसे लेकर विरोध जताया गया तो जानमाल की धमकी दी गई। सिगरा पुलिस से प्रकरण की शिकायत की गई तो सुनवाई नहीं हुई। इस संबंध में सीओ चेतगंज अंकिता सिंह ने बताया कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है। राजस्व विभाग के अमीन से रिपोर्ट मांगी गई है। अमीन की रिपोर्ट के अनुसार प्रकरण का निस्तारण कराया जाएगा।