वाराणसी। कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल की इमरजेंसी में अब पुलिस की मौजूदगी में चिकित्सक, कर्मचारी ड्यूटी करेंगे। मरीजों के परिजनों द्वारा आए दिन हंगामा, मारपीट की बढ़ती घटनाओं के बाद ये कदम उठाया गया है। अब यहां दो पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा यहां सीसी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है।
मंडलीय अस्पताल में बनारस और आसपास के जिलाें के करीब एक हजार मरीज ओपीडी में और 30 से 40 मरीज इमरजेंसी में आते हैं। दिन में तो सब ठीक चलता है लेकिन रात में यहां आए दिन मारपीट, नोंकझोंक की घटनाएं होती रहती हैं। 20 मार्च को ही रात में यहां इमरजेंसी में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा मचाया था। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. जयेश मिश्रा की पिटाई करने के साथ ही तोड़फोड़ भी हुई थी। इसके बाद से ही चिकित्सकों, कर्मचारियों ने करीब आधे घंटे तक कामकाज ठप रखा था।