वाराणसी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के लिए हर स्तर पर अभियान शुरू किया गया है। मतदान के दौरान बीप की आवाज के साथ ही वीवीपैट में पर्ची दिखाई देगी। अगर बीप की आवाज के साथ पर्ची नहीं दिखे तो पीठासीन अधिकारी से शिकायत करें। इसके साथ ही विभिन्न माध्यमों से मतदान से जुड़ी जानकारियां दी जा रही हैं।
मतदाता सूची में नाम खोजने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट के अलावा 1950 पर अपने वोटर कार्ड नंबर भेजकर भी मतदाता सूची में नाम खोजा जा सकता है। वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए भी मतदाता सूची में नाम तलाश सकते हैं। ऐसे ही पोलिंग स्टेशन खोजने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर का प्रयोग किया जा सकता है। 1950 हेल्पलाइन नंबर पर मेसेज के जरिए बीएलओ की पूरी डिटेल मिल जाएगी। चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हील चेयर और सहायता कर्मी उपलब्ध होंगे। दृष्टि बाधित मतदाताओं के लिए साथी का प्रावधान होगा। ईवीएम और मतदाता पहचान पत्र पर ब्रेल भाषा होगी। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि स्वीप के जरिए मतदाताओं को सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसके लिए प्रत्येक बूथ की समीक्षा की जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने सोमवार को चौकाघाट स्थित सांस्कृतिक संकुल का निरीक्षण किया। यहां से शहर उत्तरी विधानसभा की चुनाव पार्टियां रवाना होगी। डीएम ने पार्टियों के रवाना होने के दौरान व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेेट भी मौजूद रहे।