वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर में निकले नए मंदिरों में पूजा अर्चना की व्यवस्था कराई जाए। अमर उजाला में प्रकाशित ‘कॉरिडोर में मंदिरों की मणिमाला’ खबर की कटिंग दिखाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने कमिश्नर को यह निर्देश दिए।
वाराणसी दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अमर उजाला की प्रति के साथ कॉरिडोर में सामने आए नए मंदिरों की जानकारी दी गई। इस मुख्यमंत्री ने आश्चर्य व्यक्त किया कि इतने मंदिर कब्जे में थे। इसके बाद उन्होंने कॉरिडोर क्षेत्र में मिले नए मंदिरों के संरक्षण और पूजा अर्चना शुरू कराने के निर्देश दिए। साथ ही 19 फरवरी से पहले इन मंदिरों की भव्य सजावट करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 फरवरी को माघी पूर्णिमा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वे काशी विश्वनाथ कॉरिडोर निर्माण के लिए किए जा रहे ध्वस्तीकरण का भी निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को पीएम के भव्य स्वागत की तैयारी और डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया है। इस दौरान पीएम मोदी के समक्ष कॉरिडोर का नक्शा और डीपीआर भी प्रस्तुत किया जाएगा। निरीक्षण के बाद देर रात मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रवासी सम्मेलन की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र मिलेगा।