वाराणसी। संगम नगरी प्रयागराज में कुंभ के बीच धर्म और अध्यात्म के साथ बेटी बचाने की भी बयार चल रही है। बनारस की सामाजिक संस्था आगमन ने गुरुवार को भ्रूण हत्या के खिलाफ तीन दिवसीय अभियान की शुरूआत की। मेला क्षेत्र में संस्था की ओर से श्रद्धालुओं के बीच कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संस्था के लोगों ने कुरीतियों के खिलाफ श्रद्धालुओं को जागरूक किया।
जादूगर किरण और जितेंद्र की अगुवाई में संस्था की टीम ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मेला क्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को कन्या भ्रूण हत्या, बेटी सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान 10 हजार श्रद्धालुओं ने भ्रूण हत्या नहीं करने की शपथ भी ली। जादूगरी के हैरतंगेज करतब देखकर श्रद्धालु दंग रह गए। संस्था की ओर से मेला क्षेत्र में 12 फरवरी तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसमें एक लाख लोगों को जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का नेतृत्व संस्था के संस्थापक डॉ. संतोष ओझा ने किया। इस दौरान आलोक पांडेय, अंकित सिंह, अभिषेक जायसवाल, निरूपमा, अंशिका, शशि और गायत्री पांडेय आदि मौजूद रहे।