वाराणसी। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिकोण से अति संवेदनशील सर्किट हाउस क्षेत्र के सरकारी आवास भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। 15 दिन के भीतर चोरोें ने दूसरी बार राजपत्रित अधिकारी के सरकारी आवास में चोरी कर पुलिस को तगड़ी चुनौती दी। प्रकरण की तफ्तीश में जुटी कैंट पुलिस के अनुसार संदिग्ध गतिविधियों वाले दो व्यक्तियों को चोरी के सामान के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी (एसपीओ) बृजेश मिश्रा द्वारा कैंट पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार बुधवार की रात वो पत्नी के साथ छावनी क्षेत्र स्थित एक होटल में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात दो बजे सर्किट हाउस के पीछे स्थित सरकारी आवास के लिए जा रहे तो उनके पास कॉल आई कि एक रिश्तेदार की तबीयत खराब है। यह सुनते ही वो पत्नी के साथ पांडेयपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में किसी रिश्तेदार के न मिलने पर वापस लौट कर घर आए तो ताला टूटा हुआ था। आलमारी में रखे लगभग ढाई लाख रुपये के जेवरात गायब थे। सूचना पर कैंट पुलिस डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। बता दें कि इससे पहले यही रहने वाले जिला पंचायत राज अधिकारी शाश्वत आनंद सिंह के घर से चोरों ने 29 नवंबर को दिनदहाड़े चोरी की थी और अब तक पुलिस उनका पता नहीं लगा सकी है।