वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए चार दिसंबर को नामांकन और 12 दिसंबर को मतदान होगा। इसी दिन मतगणना के बाद विजयी प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। एक दिसंबर को मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सोमवार को चुनाव अधिकारी प्रो. शैलेश कुमार मिश्र की ओर से अधिसूचना जारी होने की घोषणा कर दी गई।
विश्वविद्यालय में अधिसूचना जारी होने के बाद से ही परिसर में चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव संबंधी सभी कार्य परीक्षा भवन में कराए जाएंगे। इसमें एक दिसंबर को दोपहर दो बजे के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, दो को शाम तीन बजे के बाद सूची पर आपत्ति और निस्तारण, तीन दिसंबर को शाम तीन बजे के बाद अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन एवं नामांकन पत्र का वितरण होगा। बताया कि चार दिसंबर को सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन, उसी दिन दोपहर दो बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद आठ दिसंबर को दोपहर दो बजे के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन, नौ दिसंबर को सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक नामांकन वापसी और इसके बाद शाम चार बजे के बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। चुनाव अधिकारी ने बताया कि 12 दिसंबर को सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक मतदान और शाम तीन बजे से मतगणना, परिणाम की घोषणा के बाद विजयी पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण भी होगा। उधर अधिसूचना जारी होते ही चुनाव लड़ने की तैयारी में लगे छात्रनेता सक्रिय हो गए हैं।