लालानगर। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग जाम की समस्या थमने का नाम नहीं ले रही है। लुंज-पुंज प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिसिंग के कारण आम आदमी को जाम से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। सोमवार को जीटी रोड पर लालानगर से जंगीगंज तक फिर लंबा जाम लगा। सावन में जीटी रोड का एक लेन कांवरियों के लिए रिजर्व होने के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई है। सोमवार को सुबह आठ बजे से ही जाम ने राजमार्ग को जकड़ना शुरू कर दिया और दोपहर 12 बजे तक लगातार जाम बना रहा। लंबे जाम में फंसे यात्री बेहाल हो गए और बेपटरी यातायात व्यवस्था को कोसते रहे। सिक्सलेन निर्माण के चलते संकरे हुए राजमार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से हालात बिगड़ गए हैं। दोपहर में पुलिस के डंडा पटकने के बाद हाईवे पर धीरे-धीरे वाहन आगे बढ़ने लगे और जाम समाप्त हुआ। सावन माह में जहां एक लेन कांवरियों के लिए सुरक्षित कर दिया गया है और दक्षिणी लेन पर ही वाहनों का आवागमन चल रहा है। इससे हाईवे पर जाम का झाम हमेशा बना रहता है। यातायात का समुचित प्रबंधन न किए जाने के कारण लगभग रोज जाम की समस्या से लोग जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन चुप बैठा है। दूसरी ओर राजमार्ग के बड़े-बड़े गड्ढे मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं।