वाराणसी। चौकाघाट फ्लाईओवर हादसे मामले में पुलिस ने बीते शुक्रवार को सात अभियंताओं और एक ठेकेदार समेेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। गिरफ्तारी से खफा सेतु निगम अभियंताओं ने शासन प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। अभियंताओं ने कहा है कि प्रशासन के ट्रैफिक बंद न करने के चलते लोगों की जानें गईं। लेकिन, पूरे मामले में सेतु निगम के इंजीनियरों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई की गई। इसे सहन नहीं किया जाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष इंजीनियर अशोक तिवारी और दिवाकर गौतम ने कहा कि अगर अभियंताओं की शीघ्र रिहाई नहीं की गई तो सेतुओं के निर्माण का काम ठप कर दिया जाएगा। बताया कि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात की गई है। उप मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि तीन दिन के भीतर समस्याओं का समाधान हो जाएगा। साथ ही काम बंद नहीं करने की बात कही है। उन्होंने तीन दिन का समय मांगा है।
इस मामले सेतु निगम ने कई बार जिला प्रशासन को पत्र दिया था। इस पत्र पर कार्रवाई होती तो इस प्रकार का हादसा नहीं होता। इस घटना के लिए केवल सेतु निगम के अभियंता दोषी नहीं हैं। इस हादसे के लिए जिम्मेदार प्रशासन, यातायात, पुलिस के अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। एसोसिएशन ने तीन दिन बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।