शिवपुर। महाशिवरात्रि से एक दिन पहले काशी में शुरू होने वाली पारंपरिक अंतरगृही यात्रा में दो दिन से भी कम समय बचने के बावजूद पंचक्रोशी परिक्रमा मार्ग की मरम्मत न कराए जाने से नाराज क्षेत्रीय नागरिकों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। भाजपा पार्षद विजयश्री की अगुवाई में नागरिक सड़क पर उतर आए। शिवपुर स्थित लालजीकुआं के पास धरना देकर जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक रवींद्र जायसवाल के साथ मौके पर पहुंचे एडीएम सिटी वीरेंद्र पांडेय और पीडब्ल्यूडी एक्सईएन अवधेश सिंह के आश्वासन पर किसी तरह नागरिक माने और धरना समाप्त हुआ। देर शाम डीएम योेगेश्वर राम मिश्र के निर्देश पर खस्ताहाल परिक्रमा पथ की मरम्मत भी शुरू करा दी गई।
लालजीकुआं के पास भाजपा पार्षद की अगुवाई में धरने पर बैठे नागरिकों का कहना था कि नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना और क्षेत्रीय विधायक रवींद्र जायसवाल से उन्होंने पंचक्रोशी मार्ग की मरम्मत के लिए फरियाद लगाई थी। उन्होंने संबंधित विभागों को इसके लिए निर्देशित भी किया, बावजूद इसके किसी ने ध्यान नहीं दिया। अंतरगृही यात्रा महाशिवरात्रि से एक दिन पहले 12 फरवरी की रात शुरू हो जाएगी। परिक्रमा पथ जगह-जगह गड्ढे में तब्दील है। हजारों तीर्थयात्री इस राह से गुजरेंगे। जल्द परिक्रमा पथ दुरुस्त न कराया गया तो अंतरगृही यात्रा के साथ ही महाशिवरात्रि पर दर्शन-पूजन के लिए काशी आने वाले हजारों आस्थावानों को मुश्किलें झेलनी होंगी। एडीएम सिटी और पीडब्ल्यूडी एक्सईएन के साथ मौके पर पहुंचे विधायक रवींद्र जायसवाल ने भरोसा दिलाया कि अंतरगृही यात्रा से पहले परिक्रमा पथ की मरम्मत करा दी जाएगी। वह 12 फरवरी को खुद निरीक्षण करेंगे। सड़क खस्ताहाल पाई गई तो वह खुद धरने पर बैठेंगे। इसके साथ नागरिक माने और धरना समाप्त किया। धरने में रोहित मौर्या, दिनेश गुप्ता, संदीप रघुवंशी, पृथ्वी नाथ शर्मा, अनिल मौर्या, रामबाबू सिंह, मनोज केशरी, सोमारू यादव आदि शामिल थे।
देर शाम शुरू हो गया मरम्मत कार्य
डीएम के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग ने देर शाम पंचक्रोशी मार्ग की मरम्मत शुरू करा दी। लालजी कुआं के पास से सड़क की मरम्मत का काम शुरू कराया गया है। विभागीय अभियंताओं के मुताबिक गिलट बाजार के साथ ही परिक्रमा मार्ग की सड़कें जहां-जहां खराब हैं, उन्हें दुरस्त कराया जाएगा। गौरतलब है कि अंतरगृही यात्रा मणिकर्णिकाघाट से संकल्प लेने के साथ शुरू होगी। अस्सी, नरिया, चितईपुर से कंदवा होते हुए श्रद्धालु भीमचंडी पहुंचेंगे। वहां से रामेश्वर, वरुणा नदी पार कर शिवपुर से महावीर मंदिर होते हुए पांडेयपुर से कपिलधारा पहुंचेंगे। वहां से जौ विनायक जाएंगे। वहां जौ बोते हुए श्रद्धालु मणिकर्णिकाघाट आकर संकल्प छोड़ेंगे। फिर श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ यात्रा विराम लेगी।
कई जगह उखड़ गई हैं परिक्रमा पथ की सड़कें
पंचक्रोशी परिक्रमा पथ की सड़कें कई जगह उखड़ गई हैं। कंदवा, भीमचंडी, शिवपुर, भोजूबीर से महावीर मंदिर, पांडेयपुर, कपिलधारा के पास सड़क अधिक खस्ताहाल है। कई जगह सीवेज पाइप लाइन के लिए खुदाई के चलते भी सड़क बदहाल है।