वाराणसी। 33वीं राज्य स्तरीय बाक्ंिसग प्रतियोगिता में वाराणसी के मुक्केबाजों ने निराश किया। पहले दिन हुए मुकाबले में वाराणसी मंडल के मुक्केबाजों को मुंह की खानी पड़ी। विरोधी खिलाड़ियों ने अपने दमदार पंच से मेजबान खिलाड़ियाें को रिंग में चित कर दिया।
33वीं सबजूनियर बालक मुक्केबाजी प्रतियोगिता में संपूर्णानंद सिगरा स्टेडियम के मैदान पर पहले दिन इलाहाबाद, लखनऊ, अलीगढ़, मेरठ, झांसी के खिलाड़ियों का दबदबा कायम रहा। गुरुवार को खेले गए उद्घाटन मुकाबले में झांसी के इस्मानुहलक ने वाराणसी के पीयूष सिंह को 3-2 के अंतर से मात दी। दूसरे मुकाबले में अलीगढ़ के विपिन ने आजमगढ़ के अभिषेक यादव को अपने पंच से बाहर कर दिया। इलाहाबाद, अलीगढ़, लखनऊ, मेरठ और झांसी के दो-दो खिलाड़ी विजेता रहे। इसके पूर्व कार्यक्रम का आगाज मुख्य अतिथि कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण एवं विशिष्ट अतिथि सनबीम ग्रुुप के चेेयरमैन दीपक मधोक ने किया।
चार दिवसीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता में 16 मंडल और दो हास्टल की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में तीन सौ से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी एस.एस. मिश्रा, अभिषेक कुमार, उपेंद्र पांडेय, धर्मेंद्र कुमार, शशि प्रताप सिंह, दिलीप कुमार सिंह, सुनील गुप्ता, गोपाल बहादुर शाही, हिमांशु राज, मनोज विश्वकर्मा, राकेश पांडेय आदि मौजूद रहे। पहले दिन के विजेताओं में झांसी के इस्मानुहलक, अलीगढ़ के विपिन कुमार, सोहेल रजा, लखनऊ के मानस शर्मा, कृष्णा डबराल, स्पोर्ट्स हास्टल मेरठ के सतीश कुमार, इलाहाबाद के देवेश त्रिपाठी, मोहम्मद अली, झांसी हास्टल के केशव शर्मा, आगरा के नकुल वशिष्ठ, सहारनपुर के व्योम पंडीर, मेरठ के अभिनव तोमर, करण भगत, मुरादाबाद के जतिन राजपूत रहे।