बाबतपुर। कोहरे के कारण लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर आने और जाने वाली लगभग एक दर्जन उड़ानें सोमवार को विलंबित रही। जिसके चलते यात्रियों को परेशान होना पड़ा। दिल्ली से वाराणसी आने वाली स्पाइस जेट की उड़ान एसजी-2195 अपने निर्धारित समय से लगभग चार घंटे की देरी से वाराणसी पहुंची।
वहीं जयपुर से आने वाली स्पाइस जेट की उड़ान एसजी-2985 करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से वाराणसी पहुंची। स्पाइस जेट की अहमदाबाद की उड़ान एसजी-971 डेढ़ घंटे की देरी से उड़ान भरी। इंडिगो की दिल्ली की उड़ान छह घंटे, हैदराबाद की उड़ान 3.40 घंटे और जेट एयरवेज की दिल्ली-वाराणसी की उड़ान 9-डब्लू-820 डेढ़ घंटे विलंबित रही। एयर इंडिया की दिल्ली-गया-वाराणसी एआई 433 एक घंटे देरी से उड़ी। वहीं एयर इंडिया की शारजाह की उड़ान आईएक्स-184 एक घंटे विलंबित रही। इसके अलावा आधा दर्जन अन्य उड़ाने ंभी 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक विलंबित रहीं। विमानों के देरी से आने के कारण उन्हें देरी से प्रस्थान भी करना पड़ा। इसके चलते यात्रियों को टर्मिनल में बैठकर घंटों इंतजार करना पड़ा।