वाराणसी। ठंड और शीत लहर ने तो काशीवासियों का जीना मुहाल किया ही है, काशी की आबोहवा ने भी उनके लिए समस्या खड़ी कर दी है। काशी की आबोहवा एक बार फिर से खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। शुक्रवार को बनारस का एयर क्वालिटी इंडेक्स 480 के पार पहुंच गया। बीते दो महीने में करीब बीस से अधिक बार शहर की हवा दिल्ली से भी ज्यादा प्रदूषित रहीं। ऐसे में लोगों को सांस लेने में दिक्कतें, आंखों में जलन जैसी समस्याएं आ रही हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर के समय बनारस का एयर क्वालिटी इंडेक्स दोपहर 480 वैल्यू पर था। जबकि गाजियाबाद को एयर क्वालिटी इंडेक्स शुक्रवार को 441 और कानपुर का 420 रहा जबकि दिल्ली में ये स्तर 388 रहा। कुल मिलाकर देश भर में काशी का एयर क्वालिटी इंडेक्स सबसे खराब रहा। हालांकि शाम को यही एयर क्वालिटी इंडेक्स 315 पर आ गया था। ये इंडेक्स वैल्यू में खराब स्तर की ओर से इशारा करता है। माना जा रहा है अत्यधिक ठंड और शीत लहर की वजह से जगह-जगह अलाव जल रहे हैं, जो कि प्रदूषण का सबब बन रहे हैं।