वाराणसी। नगर निकाय चुनाव में मतदाता सूची की गड़बड़ियों को लेकर भाजपा राज्य निर्वाचन आयोजन से शिकायत करेगी। काशी क्षेत्र भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि जिन लोगों की गड़बड़ियों से लोग मतदान नहीं दे पाए। उनकी शिकायत उचित फोरम पर की जाएगी। इसके लिए दोषियों को दंडित कराया जाएगा।
मतदान वाले दिन अधिकतर बूथों पर नाम नहीं होने के कारण कई लोग बगैर मतदान के वापस चले आए। कई लोग बूथों पर अधिकारियों को अपना मतदाता पहचान पत्र दिखा रहे थे। बावजूद इसके उनका नाम सूची में नहीं था। कई लोगों ने शिकायत की उनके घर जिनकी मौत हो गई उनका नाम है और जो जिंदा हैं उनका नाम नहीं है।
इस बारे में प्रदेश के राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि पहले की मतदाता सूची से नाम अचानक कैसे हट गया। इस मसले पर डीएम से बात हुई है। आचार संहिता खत्म होने के बाद लखनऊ जाकर निर्वाचन आयोग और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करेंगे। उत्तरी के विधायक रवींद्र जायसवाल ने कहा कि चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की जाएगी। इसके लिए जो बीएलओ दोषी होंगे उन्हें दंडित कराया जाएगा। कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि अपने विधानसभा का डाटा एकत्र कर रहे हैं कि कौन लोग मतदाता सूची में पहले थे और बाद में उनका नाम कट गया। मतदान से वंचित होने वालों की पूरी सूची पार्टी फोरम पर रखूंगा। पार्टी जैसा कहेगी वैसा करूंगा।