मुंगराबादशाहपुर (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के दाने सकरा गांव में रविवार की रात एक सनकी युवक ने पड़ोसी के दरवाजे पर बंधी गाय को धारदार हथियार से काट डाला। अन्य मवेशियों के रंभाने पर पहुंचे परिवार के लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर गोवध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आरोपी युवक को जेल भेज दिया। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
दाने सकरा गांव निवासी कलीमुद्दीन की गाय दरवाजे पर बंधी थी। रात करीब आठ बजे पड़ोस का रोहित सिंह(26) घर से धारदार हथियार लेकर पहुंचा और गाय को काट दिया। वहां बंधे अन्य मवेशियों की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़े तो वहां का दृश्य देख हैरान रह गए। लोगों ने हमलावर को पकड़कर बैठा लिया और पुलिस को सूचना दी। जानकारी के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना से बस्ती के लोग सहम गए। लेकिन दोनों पक्षों के बड़े बुजुर्गों ने आपस में बैठक कर समझदारी से काम लेने की बात कही। लोगों की सूझबूझ से बवाल होते-होते बचा। कलीमुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने गोवध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर रोहित सिंह का चालान कर दिया और मृत गाय को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एहतियात के तौर पर मुंगराबादशाहपुर और सुजानगंज थाने की फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है। ग्रामीणों की मुताबिक दोनों परिवारों में जमीन का विवाद चल रहा है। इस संबंध में सीओ सौम्या पांडेय का कहना है कि आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। एहतियात के तौर पर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पता चला है कि युवक सनकी प्रवृत्ति का है। वह किसी बात से नाराज होकर घर से निकला था और उसने धारदार हथियार से गाय पर हमला कर दिया।