वाराणसी। सुसुवाही स्थित हैदराबाद गेट के सामने बीएचयू के छात्र आनंद यादव को गोली मारने के मामले में चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रविवार को लंका थाने में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, पुलिस वारदात के दो दिन बाद भी आनंद को गोली मारे जाने के कारणों का पता नहीं लगा सकी और न हमलावरों का सुराग लगा।
बीएचयू के बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र आनंद को शुक्रवार की रात पीठ पर गोली मारी गई थी। आनंद को जब गोली मारी गई उस दौरान वह हैदराबाद गेट के सामने स्थित फास्ट फूड की दुकान पर एग रोल खा रहा था। हमलावर चार की संख्या में दो बाइक पर सवार होकर नरायणपुर की ओर से आए थे और गोली मारने के बाद करौंदी की ओर भाग निकले थे। फास्ट फूड दुकानदार संतोष पटेल की मां लालती देवी का आरोप था कि जिन लोगों से उसका जमीन विवाद चल रहा है उन्हीं लोगों ने गोली चलाई है। उधर, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती आनंद के पिता बिहार के सीवान निवासी बाबूराम यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया लेकिन मामला अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। लंका पुलिस ने क्षेत्र के पांच संदिग्धों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन वो वारदात के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं दे सके।
कूलर लगवाने की बात पर बारात में मारपीट
रोहनिया। शहावाबाद में रविवार को आई बारात में बारातियोें और घरातियों के बीच पंखा की जगह कूलर लगवाने को लेकर जमकर मारपीट हुई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाबुझाकर शांत कराया तब जाकर ग्रामीणों के हस्तक्षेप से किसी तरह शादी हुई और दुल्हन को विदा किया गया। घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
रोहनिया थाना अंतर्गत शहावाबाद गांव में रविवार को चुनार से बारात आई थी। बारातियों का कहना था कि गर्मी बहुत ज्यादा है, लड़की पक्ष वाले कूलर की व्यवस्था करें। इसी बात को लेकर वर और वधु पक्ष के लोगों में शुरू हुई कहासुनी हाथापाई में तब्दील हो गई। पुलिस ने मामला शांत कराया तो गांव के लोगों ने दोनों पक्षों को समझाया और शादी की रस्में पूरी कराकर दुल्हन को विदा कराया गया।