कछवा रोड/रोहनिया। वाराणसी-इलाहाबाद हाईवे पर गुरुवार को 10 घंटे तक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। गुड़िया बार्डर से मिर्जामुराद तक दिन भर ट्रकों-बसों की कतारें लगी रहीं। निजी वाहन, स्कूली वाहन और एंबुलेंस तक जाम की चपेट में लोग परेशान रहे। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद शाम चार यातायात सामान्य हो सका।
एनएच-2 की एक लेन कांवरियों के लिए आरक्षित कर दी गई है। ऐसे में यातायात का पूरा दबाव एक लेन पर बढ़ जाने के कारण इस मार्ग पर जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। वाराणसी और इलाहाबाद दोनों तरफ से आने वाली बसों और दूसरे बड़े वाहनों को कपसेठी के रास्ते निकालने चक्कर में जहां कई किलोमीटर की दूरी बढ़ गई है, वहीं जाम की समस्या भी बढ़ गई है। गुरुवार को सुबह पांच बजे से शाम चार बजे तक हाईवे पर जबरदस्त जाम लगा रहा। स्कूली वाहन और बसें जाम में फंसने से यात्रियों के साथ विद्यार्थी भी बिलबिलाते रहे। जिले के बार्डर गुड़िया से मिर्जामुराद तक 10 किमी लंबा जाम लगा रहा। मिर्जामुराद थाने की पुलिस घंटों मशक्कत करती रही तब शाम चार बजे जाम समाप्त हुआ। स्थानीय लोगों और दूकानदारों का कहना है कि यातायात पुलिस की निष्क्रियता के कारण जाम की समस्या बढ़ गई है। इससे उनकी दूकानदारी चौपट हो रही है।