गाजीपुर। जिले के 62 न्यू पीएचसी और स्वास्थ्य उपकेंद्र पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें डायरिया, सर्दी, खांसी और वायरल बुखार से पीड़ित ज्यादातर मरीज पहुंचे। दो हजार से अधिक ने मरीजों ने उपचार कराया।
जमानिया : स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले में करीब 42 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर निशुल्क दवाएं ली। डॉ. अमित कुमार चौरसिया ने बताया कि गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन, सिर दर्द, पेट, बुखार आदि से संबंधी बीमारियां और त्वचा से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इस समय मरीजों की संख्या में इजाफा देखा जा रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि गर्मी में अधिक से अधिक पानी पीएं, हल्का भोजन करें और धूप में निकलने से बचें।
नंदगंज : नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जन आरोग्य मेले में मेडिकल ऑफिसर डाॅ. शालिनी भाष्कर ने 51 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर परामर्श एवं दवाओं का वितरण किया। बताया कि इस समय ज्यादातर मरीज डायरिया, वायरल फीवर और टाइफायड से संबंधित आ रहे हैं।
मरदह : सुबह 10 बजे से जन आरोग्य मेले का आयोजन तीन पीएचसी व एक सीएचसी पर हुआ। इस दौरान 114 मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण व परामर्श के साथ निःशुल्क पंजीकरण सहित दवा प्राप्त किया। सीएचसी डाॅ. अवधेश कुमार व महिला डॉक्टर आकांक्षा सिंह ने 26 मरीजों को देखा। पीएचसी मटेहूं में डाॅ. राजीव गोड़ ने 25 मरीज, पांडेयपुर राधे में डाॅ. आसिफ लारी ने 40 और अविसहन में डाॅ. इमरान उस्मानी ने 23 मरीजों का इलाज किया।