फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sports News: कुश्ती...वाराणसी की 7, चंदौली की 3 खिलाड़ियों ने किया क्वालिफाई; पढ़ें खेल की अन्य खबरें

Fri, 19 Dec 2025 02:18 AM IST
वाराणसी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।

सार

Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न स्थानों पर खेल के कई आयोजन चल रहे हैं। खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा भी ले रहे हैं। जिले के बाहर जाकर भी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जीते हुए प्रतिभागियों को सम्मानित किया जा रहा है।
विज्ञापन
सिगरा स्थित स्टेडियम में कुश्ती खेलते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

Sports News in Hindi: प्रादेशिक प्रतियोगिता के लिए अंतिम रूप से चयनित कुश्ती खिलाड़ियों की सूची बृहस्पतिवार शाम को जारी हुई। इसमें वाराणसी समेत चार जिले की 40 खिलाड़ियों में से 10 खिलाड़ियों ने प्रादेशिक मुकाबले के लिए क्वालिफाई कर लिया। चयनित खिलाड़ियों में सिगरा स्टेडियम की पांच, निवेदिता साई सेंटर की दो समेत वाराणसी की कुल सात खिलाड़ी हैं। चंदौली की भी तीन खिलाड़ियों ने टीम में जगह बनाई है। 

विज्ञापन


क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने बताया कि खेल विभाग और उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के समन्वय से प्रादेशिक कुश्ती 25 से 27 दिसंबर तक मऊ में खेली जाएगी। मंडलीय खिलाड़ियों का चयन ट्रायल बृहस्पतिवार दोपहर सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम के इंडोर हॉल में हुआ। 

इसमें तीन जिले की खिलाड़ियों को हराकर वाराणसी की सर्वाधिक सात खिलाड़ी टीम में जगह बनाने में कामयाब हुईं। चयनित खिलाड़ियों को वाराणसी कुश्ती संघ के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष राजीव सिंह रानू, संयुक्त सचिव राजकुमार मिश्र, कोच गोरख यादव ने बधाई दी। 

विज्ञापन
Trending Videos

नाम भारवर्ग जिला
कोमल पटेल 40     वाराणसी, सिगरा
प्रिया बिंद  43 वाराणसी, सेवापुरी
नेहा पाल 46 वाराणसी, सिगरा
संध्या चौहान  49 चंदौली 
रिया यादव  53 वाराणसी, साई 
वंदना चौहान  57  चंदौली
खुशी चौहान 61  वाराणसी, साई
आंचल यादव     65     चंदौली
रोली यादव 69 वाराणसी, सिगरा
लक्ष्मी गुप्ता 73   वाराणसी, सिगरा

कबड्डी के लिए अभ्यास करते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
स्टेट कबड्डी की मैट पर उतरेंगे 16 टीमों के 200 खिलाड़ी
स्व. शिव कुमार सिंह मेमोरियल 52वीं सीनियर पुरुष स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप 19 से 21 दिसंबर तक सरदार पटेल इंटर कॉलेज, बावनबीघा में खेली जाएगी। इसमें उत्तर प्रदेश के चार जोन से सर्वश्रेष्ठ 16 टीमों के 200 खिलाड़ी और मैच ऑफिशियल हिस्सा लेंगे। 

यूपी कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव राजेश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस, वाराणसी, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, अलीगढ़, शामली, गौतमबुद्धनगर, समेत कई जिलों की टीमें खेलेंगी। सभी टीमों में प्रदेश के प्रो कबड्डी स्टार राहुल चौधरी (एशियन मेडलिस्ट), अर्जुन देशवाल (एशियन मेडलिस्ट), विनय तेवतिया, आशू, शुभम कुमार, नितिन पवार, शिवम चौधरी सहित लगभग 20 प्रो. खिलाड़ी मैट पर दमखम दिखाएंगे। 

चैंपियनशिप का उद्घाटन 19 दिसंबर को दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और ब्लॉक प्रमुख हरहुआ विनोद उपाध्याय करेंगे। समापन चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह और पूर्व सांसद अयोध्या लल्लू सिंह करेंगे। प्रतियोगिता में यूपी कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह (अयोध्या), किरन पाल सिंह, कुलदीप सिंह मौजूद रहेंगे। 

कोच के साथ फुटबाॅल खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
मुस्कान-सोनाली के खेल से यूपी ने खेला ड्रॉ
69वीं राष्ट्रीय माध्यमिक स्कूली बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को वाराणसी की मुस्कान और सोनाली ने शानदार प्रदर्शन से यूपी और झारखंड का मैच ड्रॉ हो गया। टीम मैनेजेर गोपाल प्रसाद ने बताया कि सब जूनियर अंडर-14 टीम में वाराणसी के दो खिलाड़ी हिस्सा ले रहीं हैं। अंडर-14 आयुवर्ग में वाराणसी मुस्कान मालवीय इंटर कॉलेज जबकि सोनाली महामना मालवीय इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। अंडर-17 में जवाहर आदर्श इंटर कॉलेज की रिया टीम में खेल रही हैं।

वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए हुई समिति की बैठक
72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप की आयोजन समिति के सदस्यों ने बृहस्पतिवार शाम आयोजन स्थल सिगरा स्टेडियम का निरीक्षण किया। इसके बाद महापौर अशोक तिवारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल उपस्थित रहे। बैठक में खिलाड़ियों के रुकने की व्यवस्था, भोजन, वॉलीबॉल ग्राउंड मेंटेनेंस, उपहार और विज्ञापन पर चर्चा हुई। चैंपियनशिप 4 से 11 जनवरी तक सिगरा स्टेडियम में होगी। बैठक में डॉ. अभिमन्यु सिंह, सर्वेश पांडेय, नवीन राय, अंजनी पांडेय, संजय सिंह मौजूद रहे। 

राष्ट्रीय मुकाबले में मुक्के बरसाएंगे वीर
यूपी की मुक्केबाजी टीम में बृहस्पतिवार को वाराणसी के मुक्केबाज वीर किशन सिंह का चयन हुआ। वह 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता अंडर-14 आयु वर्ग के मुकाबले में खेलेंगे। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के गुना जिले में 26 से 31 दिसंबर तक होगी। वीर किशन विकास इंटर कॉलेज के छात्र हैं। यह जानकारी कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. एके सिंह ने दी। 

यूपी टीम में काशी के दो खिलाड़ियों का चयन
69वी माध्यमिक स्कूली खेलों में राष्ट्रीय विद्यालयीय हॉकी प्रतियोगिता के यूपी टीम घोषित कर दी गई है। अंडर-14 हॉकी प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में 22 से 27 दिसंबर तक खेली जाएगी। इसमें वाराणसी के दो खिलाड़ी अश्विनी राजभर और आदित्य पाल यूपी की हॉकी टीम में चयनित हुए हैं। दोनों खिलाड़ी विकास इंटर काॅलेज के छात्र है। स्कूल के प्रधानाचार्य ने बताया कि दोनों खिलाड़ी सब जूनियर वर्ग की छह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेल चुके हैं। 

बरेका के संदीप बने यूपी बास्केटबॉल टीम के कोच
बरेका बास्केटबॉल टीम के मुख्य कोच और मुख्य कार्यालय अधीक्षक संदीप यादव को बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संघ की ओर से यूपी की सीनियर महिला बास्केटबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। संदीप के नेतृत्व में महिला बास्केटबॉल की टीम 4 से 11 जनवरी 2026 में चेन्नई(तमिलनाडु) में आयोजित 75वीं सीनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेगी। चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश की टीम का प्री-कोचिंग कैंप 18 दिसंबर से शुरू हो गया है, जो एक जनवरी तक आगरा में चलेगा। 

काशी के फैज ने बरेली के दीपक को दी मात
बाबू स्टेडियम में खेली जा रही प्रतियोगिता में बृहस्पतिवार को सभी भारवर्गाें के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी के मो. फैज ने बरेली के दीपक कुमार को हराया। बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव प्रमोद कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर मुकाबलों का शुभारंभ कराया। 

क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
72 रन से इंजीनियरिंग ने विद्युत ऑपरेशन को हराया
विजय के 42 गेंद पर 72 रनों की मदद से इंजीनियरिंग विभाग ने विद्युत ऑपरेशन को 21 रनों से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से लहरतारा स्थित मिनी स्टेडियम में अंतर विभागीय टी-20 क्रिकेट का 16वां मैच विद्युत ऑपरेशन और इंजीनियरिंग विभाग के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंजीनियरिंग की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 178 रन बनाए। जवाब में विद्युत की टीम 157 रन रन ही बना सकी। 

टी 10 क्रिकेट प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागी। - फोटो : संवाद
विशाल की पारी से शिक्षण स्टाफ की जीत
बीएचयू के प्रबंध शास्त्र संस्थान के 10वें संस्थान दिवस समारोह के अवसर पर बृहस्पतिवार को टी-10 क्रिकेट प्रतियोगिता हुई। शिक्षण और गैर शैक्षणिक स्टाफ के बीच हुए मैच में गैर शैक्षणिक ने 10 ओवर 134 रन बनाए। शिक्षण की टीम ने नौ ओवर में 135 रन बनाकर मैच जीत लिया। 43 रन बनाने वालेे डॉ. विशाल को मैन ऑफ द मैच मिला। 

सिगरा स्टेडियम में खिलाड़ियों ने किया अभ्यास
60वीं उत्तर प्रदेश क्रॉस कंट्री रेस चार जनवरी को झांसी में होगी। इसमें वाराणसी के खिलाड़ी भी शामिल होंगे। जिले की टीम का चयन ट्रायल 21 दिसंबर को सुबह सात बजे से औढ़े रिंग रोड स्टेडियम में होगा। जिला एथलेटिक संघ के सचिव रमेश यादव ने बताया कि इसमें सभी आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ी सिगरा स्टेडियम के एथलेटिक्स कोच चंद्रभान यादव से संपर्क कर सकते हैं। 
विज्ञापन

हैंडबाॅल प्रतियोगिता में गोल का अभ्यास करते खिलाड़ी। - फोटो : संवाद
दो मुकाबले जीतकर विकास की टीम चैंपियन
खेल विभाग की ओर से अटल विहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी हैंडबॉल लीग का फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को लालपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हुआ। लगातार दो मुकाबले जीतकर विकास इंटर कॉलेज की टीम ने ट्रॉफी जीत ली। जिलास्तरीय जूनियर बालिका हैंडबॉल में जिले की आठ टीमों ने हिस्सा लिया। निर्णायक मैच में चार राष्ट्रीय मुकाबले खेल चुकीं अटैकर शिवांगी पांडेय ने 9 गोल कर टीम की जीत में मुख्य भूमिका निभाई।  उद्घाटन मैच विकास इंटर कॉलेज ने लाल बहादुर शास्त्री शिक्षण संस्थान को 10-8 से हराया। दूसरे मैच मलालपुर स्टेडियम ने रोटरी को 15-13 से शिकस्त दी। अंत में खिताबी मुकाबलेे विकास इंटर कॉलेज ने लालपुर स्टेडियम की टीम को 19-14 से हराकर ट्राॅफी पर कब्जा जमाया। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें