वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आने वाले मेहमानों के लिए नियुक्त किए गए लाइजनिंग ऑफिसर्स को जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बुधवार को कमिश्नरी सभागार में प्रशिक्षण दिया। कहा- मुस्कुराकर अतिथियों का स्वागत करें।
डीएम ने कहा- चेहरे के हाव भाव और बातचीत ही मेहमानों को काशी की पहली झलक दिखाएगी। विदेशी मेहमानों के वाराणसी प्रवास के अनुभव और यादें आपकी लाइजनिंग पर निर्भर रहेंगी। ऐसे में ‘अतिथि देवो का भव:’ की भावना प्रदर्शित करें। ट्रेनिंग में निर्देश दिया कि एयरपोर्ट से लेकर आयोजन पूरा होने तक अलर्ट रहें। उन्होंने बताया कि लाइजनिंग की तीन दिवसीय फाइनल ट्रेनिंग विदेश मंत्रालय द्वारा जल्द ही दी जाएगी। समय का पालन तत्परता से करने के साथ ही लाइजनिंग अधिकारी अपने परिधान ठीक ढंग से पहनें। इस दौरान लाइजनिंग अधिकारियों को कार्यक्रम की पूरी जानकारी भी दी गई।
टेंट सिटी में बसों का हुआ ट्रायल
प्रवासी सम्मेलन में आने वाले मेहमानों के लिए सुविधाओं का ट्रायल भी शुरू कर दिया गया है। बुधवार को टेंट सिटी से लेकर हस्तकला संकुल तक बसों और अन्य वाहनों का ट्रायल किया गया। इस दौरान आरटीओ आरपी द्विवेदी और एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत मौजूद रहे।