वाराणसी। एक बार फिर शनिवार को पूरा शहर जाम की गिरफ्त में नजर आया। सभी प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। एंबुलेंस और स्कूली वाहन भी घंटों फंसे रहे। पर्यटकों को भी समस्या का सामना करना पड़ा। जाम का कारण विभिन्न मार्गों पर चल रहे विकास कार्य माने जा रहे हैं।
शहर में आए दिन लगने वाले जाम से आम लोग परेशान हो चुके हैं। हर दिन कोई न कोई मार्ग जाम में फंसा नजर आता है। शनिवार का दिन भी लोगों के लिए परेशानी वाला रहा। चांदपुर चौराहे पर पूरे दिन जाम जैसी स्थिति बनी रही। महमूरगंज से सिगरा, सिगरा-रथयात्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसका कारण जगह-जगह चल रहा सीवर लाइन का कार्य रहा। इसी प्रकार कैंट रेलवे स्टेशन पर पूरे दिन जाम जैसी स्थिति बनी रही। स्टेशन की तरफ से आने वाले वाहन, इंग्लिशिया लाइन की तरफ से कैंट आने वाले वाहन जाम में फंसे रहे। घंटो तक वाहन धीरे-धीरे खिसकते दिखे। यूपी कॉलेज में चुनाव के चलते भोजूबीर-अर्दली बाजार व बाबतपुर मार्ग जाम से जूझता रहा।