हरहुआ/सेवापुरी/मिर्जामुराद। जिले के देहात क्षेत्र के बड़ागांव, जंसा और मिर्जामुराद थाना अंतर्गत चोरों ने आठ घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चपत लगाई। गुरुवार की सुबह सूचना पाकर इलाकाई थानों की पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही। वहीं, बड़ागांव थाना क्षेत्र में चोरों का इस कदर आतंक है कि ग्रामीण रात भर जाग कर अपने घरों की निगरानी कर रहे हैं और पुलिस पूरी तरह से बेफिक्र है।
बड़ागांव थाना अंतर्गत मारूडीह गांव निवासी चिकित्सक हौसिला तिवारी के घर में छत के रास्ते से घुसे चोर कमरों का ताला तोड़ कर चोर दो लाख रुपये और तकरीबन साढ़े दस लाख रुपये मूल्य से ज्यादा के जेवरात चुरा ले गए। इसके साथ ही चोर विजय शंकर तिवारी के घर से भी पंद्रह लाख से ज्यादा के जेवरात और नगदी चुरा ले गए। इसी तरह सेमरी गांव निवासी इंजीनियर बनारसी सिंह के बंद मकान का ताला तोड़कर चोर 25 हजार रुपये और डेढ़ लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा ले गए। सेमरी गांव निवासी राधेश्याम सिंह के घर से चोर 60 हजार रुपये और 50 हजार रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा ले गए। उधर, जंसा थाना अंतर्गत भतसार व बरेमा गांव में चोरों ने बुधवार की रात राज नारायण यादव, नंदलाल सिंह और सनोज गोंड के घरों का ताला तोड़कर नगदी समेत लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात व कपड़े चुरा ले गए। इसी तरह मिर्जामुराद थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपापुर गांव स्थित हरिजन बस्ती निवासी धीरज के घर में सेंध काट कर घुसे चोर 2200 रुपये और 50 हजार से रुपये के ज्यादा जेवरात चुरा ले गए।