वाराणसी। जानलेवा हमले में गंभीर रूप से जख्मी जल निगम (पेयजल) के जेई सुशील कुमार गुप्ता को गुरुवार को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर से नई दिल्ली स्थित एम्स रेफर कर दिया गया। इसके तत्काल बाद सड़क की एक लेन आरक्षित कर 35 मिनट में जेई की एंबुलेंस को ट्रॉमा सेंटर से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचाया गया। हालांकि वहां एयर एंबुलेंस आने में देरी हुई और तकरीबन डेढ़ घंटे इंतजार के बाद जेई को शाम 4:40 बजे नई दिल्ली ले जाया गया। वहीं, हमले में दो अन्य घायलों ठेकेदार कमलेश कुमार सिंह और भूपेंद्र सिंह का उपचार ट्रॉमा सेंटर में जारी है।
उधर, इस मामले में बुधवार को गिरफ्तार बलिया के आशू सिंह उर्फ महादेव, मयंक मिश्रा व ऋषभ राय, मऊ के अभिषेक यादव उर्फ हेमू और बिहार के कैमूर के विकास को अदालत में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया। गुरुवार शाम को मामले के दो अन्य आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। इनमें मिर्जापुर के अहरौरा का रोहित वर्मा उर्फ लंबू और गाजीपुर के मोहम्मदाबाद क्षेत्र का शुभम कुमार गुप्ता शामिल है। बाकी तीन अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की चार टीमें गाजीपुर, चंदौली, मऊ, भदोही और आरा में छापेमारी कर रही हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।