मोढ़/दुर्गागंज। दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मंगलवार को हुईं दो दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। दुर्गागंज थानाक्षेत्र के गौरा चकपुरई गांव में पेड़ से गिरकर अधेड़ की मौत हो गई, जबकि मोढ़ क्षेत्र के चौथार गांव में लूना से गिरकर एक अन्य अधेड़ की मौत हो गई। वह हार्ट के मरीज थे।
दुर्गागंज थानाक्षेत्र के गौरा (चकपुरई) गांव निवासी विजयनाथ पांडेय (50) मंगलवार की सुबह आम के पेड़ पर चढ़कर आम तोड़ रहे थे। अचानक डाली टूटने से वह गिर गए। इससे उनकी मौत हो गई। मोढ़ क्षेत्र के चौथार गांव में हुई दूसरी घटना में भदोही कोतवाली क्षेत्र के जमुनीपुर अठगवां गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद सरोज (55) घर मोढ़ पुरानी बाजार से सुरियावां जा रहे थे। वह हार्ट के मरीज थे। चौथार गांव के समीप पहुंचने पर वह अचानक लूना से गिर गए और उनकी मौके पर मौत हो गई। लोगों ने उन्हें भदोही सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में दिखाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि शायद उन्हें हार्ट अटैक आ गया था। सुरियावां पुलिस पोस्टमार्टम कराने के लिए ले जा रही थी, लेकिन परिवार वालों ने बताया कि वह हार्ट के मरीज थे। इस पर पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।