वाराणसी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि कर्नाटक चुनाव का परिणाम आएगा तो विपक्ष के सभी दलों सहित कांग्रेस को भी जवाब मिल जाएगा, वहां की जनता सोच समझ वोट करेगी। शुक्रवार को महमूरगंज स्थित गोयनका निवास पर पहुंची केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि कैराना और नूरपुर के उपचुनाव में जो एनडीए के प्रत्याशी हैं उन्हें जिताने में अपना दल (एस) लगी है। पार्टी के कार्यकर्ता एनडीए के प्रत्याशी के लिए प्रचार- प्रसार में लगे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा की जीत पक्की है। बहराइच की सांसद सावित्री बाई फूले के दलितों के घर भोजन से जुड़े बयान के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कोई जवाब नहीं दिया। जिन्ना प्रकरण के सवाल पर भी मौन रहीं। अनुप्रिया गोयनका परिवार में शोक संवेदना प्रकट करने महमूरगंज स्थित आवास पर गई थी। परिवार के लोगों से मुलाकात करने के बाद अपने संसदीय क्षेत्र चली गईं।