फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मुस्कुराइए जनाब! कालीन नगरी में सड़कों का ‘कारपेट’

विज्ञापन
विज्ञापन
ज्ञानपुर। अब यह वह भदोही नहीं रहा, जब बाबतपुर एयरपोर्ट से यहां तक पहुंचने के दौरान विदेशी बायरों ने सड़कों की दुर्दशा पर लानत जताई थी। विदेशी मेहमानों की नजर में आए बाबतपुर-भदोही मार्ग की कायापलट तो अखिलेश सरकार में ही हो गई थी, लेकिन जिले की अन्य सड़कों को भी चकाचक बनाने का काम तेजी से चल रहा है। गत वर्ष 15 करोड़ से 120 सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ ही 214 करोड़ की लागत से चार प्रमुख सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया गया है, जो मौजूदा वर्ष के अंत तक जिले का यातायात सुगम बना सकती हैं। साथ ही गंगा और वरुणा पर पुलों के निर्माण की कवायद भी तेज हो गई है।
विज्ञापन

भदोही जिले के लोगों को पुल और सड़क को लेकर मुस्कुराने का अवसर मिला है। जिले की प्रमुख सड़कों को दुरुस्त कराने का काम निरंतर आगे बढ़ रहा है। वहीं, पुलों के जरिए अन्य जिलों को सड़क मार्ग से जोड़ने के साथ ही यातायात के लिहाज से अलग-थलग पड़े इलाकों को भी कस्बों और जिला मुख्यालय से जोड़ा जा सकेगा। जिला मुख्यालय ज्ञानपुर को दुर्गागंज, जंघई होते हुए इलाहाबाद और प्रतापगढ़ से जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत के लिए 23 करोड़ से अधिक का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। तकरीबन चार साल से खस्ताहाल इस मार्ग के दुर्दिन दूर होने का इंतजार लोगों को लंबे समय से है। लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन राकेश कुमार ने बताया कि प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से हरी झंडी मिलते ही मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा। इसके अलावा 16 करोड़ से सीतामढ़ी-धनतुलसी मार्ग, 22 करोड़ से सुरियावां-कलिंजरा मार्ग भी बनवाया जा रहा है। भदोही जिले को विंध्याचल होते हुए दुद्धी से जोड़ने वाले लुंबिनी-दुद्धी मार्ग को जिले में फोरलेन बनाने का काम गत वर्ष शुरू हुआ था, जिसके इस साल के अंत तक पूरे होने के आसार हैं। इससे विंध्यधाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। 152 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को अब एनएचएआई को सुपुर्द कर दिया गया है। वाराणसी-इलाहाबाद राजमार्ग के जिले की सीमा में पड़ने वाले 42 किलोमीटर हिस्से को छह लेन बनाने का काम राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कर रहा है। जिले की लाइफ लाइन कहे जाने वाले इस मार्ग पर यातायात और सुगम हो जाएगा।
वहीं, गंगा पर रामपुर और धनतुलसी-डेंगुरपुर में पक्का पुल के निर्माण की मांग लंबे समय से चल रही है। रामपुर में सर्वे का काम भी हो चुका है। उम्मीद है कि यहां शीघ्र ही पुल का निर्माण होगा। गत दिनों मिर्जापुर में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के साथ बैठक में ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र ने भी इसकी मांग उठाई थी। इसी तरह छितिउना में वरुणा नदी पर पुल बनाने के लिए शिलान्यास हो चुका है। गत दिनों भदोही विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी ने इसकी आधारशिला रखी। 1.94 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे पुल को जून तक तैयार करने का लक्ष्य है। काम शुरू हो चुका है। इससे पूरे इलाके के लोगों को सहूलियत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें