ज्ञानपुर। परिषदीय विद्यालयों के बच्चे टाट-पट्टी की बजाय अब कर्सी-मेज पर पढ़ाई करेंगे। इसके लिए जिले में 95 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का चयन किया गया है। इनमें डेढ़ करोड़ की लागत से फर्नीचर सुविधा विकसित की जाएगी। स्कूलों में फर्नीचर की सप्लाई के लिए विभाग न कवायद शुरू कर दी गई है। अगले महीने तक स्कूलों को इस सुविधा से लैस कर दिया जाएगा।
जिले के 715 प्राथमिक एवं 380 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में से 200 के आसपास पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। अंग्रेजी एवं मॉडल प्राथमिक विद्यालयों के अलावा गिने-चुने स्कूलों में कुर्सी-बेंच है। छठवीं से आठवीं तक की कक्षाओं में छात्र-छात्राएं बड़े होते हैं। इसके चलते प्राथमिकता के आधार पर ऐसे स्कूलों में पहले फर्नीचर की सुविधा दी जाती है। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से फरवरी- मार्च में भेजे गए प्रस्ताव पर शासन ने 95 पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कुर्सी-बेंच की व्यवस्था के लिए बजट भेजा है। चिह्नित 95 विद्यालयों में 35-35 कुर्सी-बेंच के हिसाब से मिलेगा। विभाग की ओर से निविदा के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रकाश नारायण श्रीवास्तव ने कहा कि 95 स्कूलों के लिए एक करोड़ 47 लाख की धनराशि आई है। मई तक सभी स्कूलों में फर्नीचर की आपूर्ति कर दी जाएगी। इससे टाट-पट्टी पर बैठने वाले छात्र-छात्राओं को सहूलियत मिलेगी।