ज्ञानपुर। सख्ती के बाद भी सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी समय पर उपस्थिति को लेकर संजीदा नहीं है। निरीक्षण दर निरीक्षण के बाद भी कर्मचारियों के रवैये में सुधार नहीं हो पा रहा है। सोमवार को सीडीओ हरिशंकर सिंह ने विकास भवन के चार कार्यालयों का निरीक्षण किया। इसमें अनुपस्थित 23 कर्मियों का एक दिन का वेतन काटा गया। इसी तरह थानीपुर स्कूल में अनुपस्थित शिक्षिका का वेतन काटने का निर्देश दिया।
सोमवार को सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर सीडीओ हरिशंकर सिंह ने लघु सिंचाई विभाग, जिला बचत कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, युवा कल्याण विभाग एवं जिला पंचायत राज विभाग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लघु सिंचाई विभाग में गया प्रसाद, गौतम सिंह, संगम लाल शुक्ल, जिला बचत कार्यालय में कृष्ण गोपाल जायसवाल, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग में आनंद कुमार मिश्रत, राम भाष्कर तिवारी, सेवालाल, नितिन पटेल, पारसनाथ पटेल, युवा कल्याण विभाग में शिव कैलाश और पंचायत राज विभाग के संविदा कर्मी ओमप्रकाश, विमल चंद्र पांडेय, राम सजीवन, रत्नेश श्रीवास्तव, गोपाल कृष्ण गुप्ता, अभय पाठक, वंशीधर यादव, रणधीर कुमार सरोज, भरत राय, अयज कुमार, मदन लाल, मदन लाल द्वितीय अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने सभी का एक दिन का वेतन काटते हुए विभागों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया। कहा कि कर्मचारियों के कार्यालय आने के समय में सुधार लाएं अन्यथा अधिकारियों पर कार्रवाई तय की जाएगी। इसी तरह सीडीओ ने प्राथमिक विद्यालय थानीपुर, इब्राहिमपुर और पूर्व माध्यमिक विद्यालय ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। थानीपुर में शिक्षिका शिखा सिंह बिना सूचना के अनुपस्थित रहीं। हेडमास्टर की ओर से गलत जानकारी देने पर चेताया गया साथ ही शिक्षिका का वेतन काटने का निर्देश दिया।