वाराणसी। छावनी के रणबांकुरे स्टेडियम में चल रही सेना भर्ती के अंतिम दिन मंगलवार को धर्म गुरु पद के लिए भर्ती हुई। हालांकि इस बार दौड़ की समय सीमा घटाने के कारण ज्यादातर अभ्यर्थी पिछड़ गए। 1600 मीटर की जो दौड़ पहले आठ मिनट में पूरी करनी होती थी, जिसे घटाकर 5:45 मिनट कर दिया गया है। इसके चलते 2050 अभ्यर्थियों में महज 78 ही दौड़ पास कर पाए। अब ये अन्य शारीरिक , मेडिकल और लिखित परीक्षा में भाग लेंगे। अगली भर्ती जून में होने की उम्मीद है।
धर्म गुरु पद के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुल 7096 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इसमें हिंदू धर्म गुरु (पंडित) के लिए 6741, सिख धर्म गुरु के लिए 6, पादरी के लिए 4, मुस्लिम धर्म गुरु मौलवी के लिए 345 लोगों ने आवेदन किया था। धर्म गुरु के लिए वाराणसी से 1598 लोगों ने आवेदन किया था। पंडित के लिए आवेदन करने वालों में सबसे ज्यादा संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के छात्र थे। वहीं, सोल्जर ट्रेडमैन और नर्सिंग असिस्टेंट के लिए गाजीपुर जिले के जखनिया, जमानिया और मोहम्मदाबाद तहसील के अभ्यर्थियों की भी भर्ती हुई। इसके लिए कुल 3597 युवकों ने रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन 1837 ही शामिल हुए 315 युवक लंबाई कम होने की वजह से छंट गए। 1522 युवकों ने दौड़ में हिस्सा लिया, जिसमें 126 युवक सफ ल हुए।