दानगंज। चोलापुर विकासखंड के नियार बाजार से दानगंज को जाने वाली सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता से खेल किया जा रहा है। सड़क बनने के साथ ही गिट्टी उखड़ने लगी है। ब्लाक प्रमुख ने रविवार को कार्यदायी संस्था को चेतावनी देने के साथ इसकी शिकायत सीडीओ से की है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने अपने इलाके में बनने वाले सड़कों को पिछले दिनों उखड़वा कर जांच करवाई थी। इसके साथ ही चेतावनी दी थी कि सड़कों की गुणवत्ता ठीक नहीं होने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद क्षेत्र में बनने वाली सड़कें गुणवत्तायुक्त नहीं बन रही है। आरोप है कि नियार दानगंज की तरफ जाने वाली 1700 मीटर लंबी सड़क को मानक की अनदेखी करते हुए बनाई गई है। इसमें अलकतरा कम केमिकल का प्रयोग ज्यादा किया गया। गिट्टी भी कम डाली गई है। रविवार को कार्यदायी संस्था ने सड़क को बनाकर तैयार किया है। चोलापुर ब्लाक प्रमुख सुभाष यादव को शिकायत मिलने पर मंगलवार को वह सड़क की गुणवत्ता की जांच करने के लिए पहुंचे। इस दौरान मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते हुए प्रमुख से कार्रवाई की मांग की। इस दौरान कार्यदायी संस्था के लोगों को बुलाकर ब्लाक प्रमुख ने चेतावनी देते हुए मानक के अनुरूप सड़क बनाने को कहा।उन्होंने कहा की सड़क जांच के लिए समिति बनाई जाएगी। प्रमुख ने मुख्य विकास अधिकारी से भी इसकी शिकायत की है। सड़क पर नियार बाजार, महमूदपुर, हरदासीपुर, रामपुर सहित दर्जनभर गांवों के लोगों का यह रास्ता है।