कचहरी में चला तलाशी अभियान
वाराणसी । लखनऊ स्थित जिला व सत्र न्यायालय भवन के प्रथम तल पर स्थित टॉयलेट में बुधवार शाम हुए विस्फोट के मद्देनजर जिला पुलिस भी सतर्क हुई। इंस्पेक्टर कैंट फरीद अहमद ने एहतियातन बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ कचहरी परिसर का चप्पा-चप्पा खंगाला। इस दौरान कचहरी परिसर स्थित दुकानों की भी विशेष तौर से तलाशी ली गई। इंस्पेक्टर कैंट ने कचहरी चौकी प्रभारी और तैनात पुलिस व पीएसी कर्मियों को ताकीद की कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर चूक न होने पाए। कचहरी के सभी गेटों पर मुस्तैदी से चेकिंग हो और हर आने-जाने वाले पर पुलिस की नजर हो। अचानक शुरू हुई तलाशी से अधिवक्ताओं और मौजूद वादकारियों में थोड़ी देर के लिए अफरातफरी की स्थिति रही मगर माजरा समझ में आने के बाद सभी ने पुलिस का सहयोग किया।