वाराणसी। जिले में 14 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान विद्यालयों, मदरसों, आंगनबाड़ी केंद्रों पर 1 से 19 साल तक के 18 लाख 50 हजार बच्चों को पेट के कीड़े मारने की दवा एलबेंडाजॉल खिलाई जाएगी। अभियान में छूटने वालों के लिए एक बार फिर 18 अगस्त को मॉप अप राउंड चलाया जाएगा। इसके तहत छूटे बच्चों को भी दवा खिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कृमि मुक्ति के अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। खास बात यह है कि विद्यालय न जाने वाले बच्चों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है। सीएमओ डॉ.एनपी सिंह ने बताया कि बच्चों, युवाओं में आंतों में कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण एवं एनीमिया की समस्या उत्पन्न हो सकती है, जिससे उनका शारीरिक विकास प्रभावित होता है। कृमि मुक्ति से स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार होता है, एनीमिया नियंत्रण में भी सहायता मिलती है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि अभियान के तहत लगभग 7 लाख 40 हजार बच्चे शहरी क्षेत्र में जबकि 11 लाख 10 हजार बच्चे ग्रामीण क्षेत्र में हैं, जिनको दवा खिलाए जाने का लक्ष्य रखा गया है। ब्यूरो