पहड़िया मंडी के पीछे दौलतपुर में बुधवार को चंदन सिंह (32) के सिर में गोली मार कर उनके साले मृत्युंजय सिंह ने हत्या कर दी। मामला चंदन और उनकी पत्नी प्रिया के बीच के फलाहारी बनाने ओैर मायके जाने जैसे घरेलू विवादों से जुड़ा हुआ था। मौके से .32 बोर की देसी पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है।
चंदन के पिता की तहरीर पर कैंट थाने में मऊ के मधुबन थाना के दुबारी निवासी मृत्युंजय सिंह उर्फ बाबू, उसकी बहन शिल्पी सिंह, चिंटू और एक अन्य सहित चार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मऊ जिले के सरायलखंसी थाने के जयसिंहपुर निवासी लालबहादुर सिंह रमरेपुर में मकान बनवा कर रहते हैं। छह बहनों का इकलौता भाई चंदन पड़ाव स्थित आटो पार्ट्स के शोरूम में काम करता था। चंदन का विवाह 2014 में दुबारी निवासी ओमप्रकाश सिंह की बेटी प्रिया से हुआ था। दोनों की चार साल की बेटी नित्या है। पिता ने बताया कि चंदन और उसकी मां से अक्सर प्रिया की कहासुनी होती थी। पिछले चार-पांच दिनों से चंदन और उसकी पत्नी की बातचीत बंद थी।
लालबहादुर बड़ी बेटी के सारनाथ स्थित घर पर थे। बुधवार को भी चंदन और प्रिया में कहासुनी हुई तो उसने भाई को फोन कर बुलाया। चार बजे के करीब मृत्युंजय, शिल्पी, चिंटू सहित चार लोग घर आए और प्रिया को मायके चलने को कहा।
चंदन ने सभी को पानी पीकर बातचीत करने के लिए कहा और प्रिया को मायके जाने से मना किया तो कहासुनी होने लगी। इसी दौरान मृत्युंजय ने चंदन के सिर में दाएं तरफ गोली मार दी। चंदन को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीम मऊ जिला स्थित उनके घर और रिश्तेदारी रवाना की गई है।