वाराणसी। आचार्य श्री विद्यानिवास मिश्र स्मृति सम्मान पांडेय शशिभूषण शीतांशु को, वशिष्ठ अनूप को लोककवि सम्मान, मारुति नंदन प्रसाद तिवारी को लोककला सम्मान प्रदान किया जाएगा। कवि गीतकार ओम धीरज को श्रीकृष्ण तिवारी गीतकार सम्मान एवं जितेंद्र नाथ मिश्र को आचार्य विद्यानिवास मिश्र पत्रकारिता सम्मान प्रदान किया जाएगा। तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के तहत 14 जनवरी को आयोजित सम्मान समारोह में सभी को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी विद्याश्री न्यास के सचिव दयानिधि मिश्र ने दी।
शिक्षा, दर्शन और समाज प्रासंगिक विमर्श के प्रमुख आयाम तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी एवं भारतीय लेखक शिविर का आयोजन 13 से 15 जनवरी तक किया जा रहा है। काशी विद्यापीठ के शिक्षा शास्त्र विभाग के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से साहित्यकार और शिक्षाविद हिस्सा लेंगे। 13 जनवरी को काव्य संध्या और 14 जनवरी की शाम को मालिनी अवस्थी के सुरों की सरिता बहेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद, साहित्य अकादमी, नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान लखनऊ, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षा शास्त्र विभाग एवं विद्याश्री न्यास के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।