सेवापुरी। जंसा निवासी सुरेश मौर्या का सिर कूंच कर की गई हत्या का शुक्रवार को जंसा पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस ने सुरेश की प्रेमिका के पिता जंसा निवासी श्रीप्रकाश मौर्या और उसके भाई दीपू मौर्या को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
30 नवंबर की रात सुरेश मौर्या का सिर कूंच कर हत्या कर दी गई थी और शव को चौखंडी रेलवे क्रासिंग के समीप फेंक दिया गया था। प्रकरण को लेकर सुरेश के पिता ने उसकी प्रेमिका संजू और उसके भाई दीपू, मां उर्मिला व पिता श्रीप्रकाश मौर्या के खिलाफ जंसा थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष जंसा मनोज कुमार ने बताया कि वारदात से दो दिन पूर्व सुरेश अपनी प्रेमिका के साथ उसी के घर की छत पर पकड़ा गया था। यह बात संजू के पिता और भाई को नागवार गुजरी और दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की ठान ली। मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश की जा रही थी। इसी बीच पता लगा कि दोनों जंसा चौराहा पर मौजूद हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।