वाराणसी। जाम की समस्या को देखते हुए रथयात्रा से मरी माई मंदिर तक रिक्शा और ई-रिक्शा के संचालन पर एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने प्रतिबंध लगाया है। यह व्यवस्था 30 दिसंबर से रोजाना सुबह आठ से रात दस बजे तक लागू रहेगी। इसका उल्लंघन करने पर पुलिस अधिनियम और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत ने गुरुवार को बताया कि रथयात्रा से सिगरा चौराहा, साजन तिराहा, मलदहिया होते हुए मरी माई मंदिर तक रिक्शा और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। यदि कोई रिक्शा या ई-रिक्शा तेलियाबाग से अंधरापुल होते हुए नदेसर जाना चाहता है तो उस पर कोई प्रतिबंध नहीं होगा। इसी तरह महमूरगंज से सिगरा चौराहा होते हुए सोनिया जाने के लिए सड़क पार करने पर प्रतिबंध नहीं होगा। कैंट रेलवे स्टेशन के आसपास परेड कोठी मार्ग से और रोडवेज के बगल वाले मार्ग से लहुराबीर से जयसिंह चौराहा होते हुए इंग्लिशिया लाइन तक रिक्शा और ई-रिक्शा चल सकेंगे लेकिन जीटी रोड पर नहीं खड़े होंगे। इसके साथ ही जीटी रोड पार कर कैंट रेलवे स्टेशन की ओर रिक्शा और ई-रिक्शा के जाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।