राजातालाब। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज जक्खिनी में बुधवार को तीन शिक्षिकाओं का स्थानांतरण होने पर छात्राओं ने हंगामा कर दिया। प्रधानाचार्य के समझाने के बाद भी छात्राएं नारेबाजी करती रहीं। इस पर विद्यालय का गेट बंद कर दिया गया।
घबराहट में कई छात्राओं को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गईं। इस पर उन्हें एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान छात्राओं की पिटाई की अफवाह फैली तो सैकड़ों अभिभावक पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी विद्यालय पहुंच गई। प्रधानाचार्य विद्यावती ने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय ओपी राय पहुंचे तो छात्राओं ने प्रधानाचार्य पर पिटाई का आरोप लगाया। उधर, प्रधानाचार्य ने बताया कि तीन शिक्षिका साधिका, आशा व अर्चना को अभिनव विद्यालय जक्खिनी में स्थानांतरित कर दिया गया है। पिटाई के आरोप निराधार हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय के आश्वासन के बाद छात्राएं और अभिभावक शांत हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि छात्राओं के हंगामा करने की सूचना मिली थी। मामला शांत हो गया है। उधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जक्खिनी के डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि घबराने की वजह से छात्राओं को सिर दर्द की शिकायत थी।