वाराणसी। फील्ड कर्मचारी, पेंशनर्स की समस्याओं, देयकों के भुगतान के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम, जल संस्थान मजदूर यूनियन की ओर से गुरुवार को सिगरा स्थित जल निगम अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। धरने का नेतृत्व कर रहे जनपद अध्यक्ष हरिश्चंद्र चौरसिया ने 24 सूत्रीय मांगपत्र अधिकारियों को सौंपा। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन चलता रहेगा।
जनपद सचिव सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सेवानिवृत्त, मृतक कर्मचारियों का बकाया पेंशन, संशोधित पेंशन, वेतनवृद्धि, वेतन विसंगति, एसीपी आदि का भुगतान कराया जाए। सेवानिवृत्त कर्मचारियों की संशोधित नगदीकरण, एरियर, ग्रेच्युटी का भुगतान कराया जाए। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सूचना आठ माह पूर्व मुख्यालय भेजकर सेवानिवृत्त आदेश कर्मचारी को प्राप्त कराया जाए। सेवानिवृत्त से लगभग चार माह पूर्व कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका पेंशन अनुभाग को भेजा जाए। सीवरेज पंपिंग स्टेशन पर काम करने वाले कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण मुहैया कराए जाएं। प्रदर्शन करने वालों में वाराणसी के अलावा चंदौली, गाजीपुर और जौनपुर के कर्मचारी रहे। इस मौके पर ज्योति श्रीवास्तव, विजयानंद भट्ट, किशोरी लाल यादव, अरुण कुमार सिंह, उमेश दत्त, सूर्यनाथ सैनी, राम नारायण प्रसाद गुप्ता, बेचन राम आदि लोग मौजूद रहे।