बड़ागांव। बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार की रात 27 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद एक युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी हुए जौनपुर निवासी साहेब आलम (32) नामक इस युवक को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई गई है। साहेब के दोस्त एजाज की तहरीर पर जौनपुर के मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के कजियाना और काजीकोट गांव निवासी तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश कर रही है। घटना के पीछे दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है।
ट्रॉमा सेंटर से पहले प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में भर्ती कराए गए साहेब आलम ने बताया कि वह जौनपुर के मड़ियाहूं के कजियाना गांव का रहने वाला है और बाइक से अपने दोस्त एजाज अहमद के साथ दवा लाने बनारस आ रहा था। गांव से उसके बाहर निकलते ही तीन युवक बाइक से पीछे लग गए। तीनों से उसकी जमीन को लेकर पुरानी रंजिश है। बड़ागांव क्षेत्र बसनी बाजार के समीप ओवरटेक कर तीनों युवकों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर पड़ा। साहेब आलम ने बताया कि जब तक वह संभल पाता, उससे पहले ही दो ने उसे पकड़ लिया और एक चाकू से उसके पेट पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। एजाज के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तब हमलावर बाइक स्टार्ट कर जमालपुर की ओर भाग निकले।