चंदौली। जनपद के 734 ग्राम पंचायतों में स्थित तालाबों के दिन बहुरने वाले हैं। मनरेगा के तहत 13 मई से प्रत्येक ग्राम पंचायत के एक तालाब के जीर्णोद्घार का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। हर रोज 18 हजार मनरेगा मजदूरों को काम भी मिलेगा। इससे अतिक्रमण के चलते अपना अस्तित्व खो रहे तालाबों के संरक्षण की उम्मीद जग गई है। सीडीओ ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 12 मई तक कार्ययोजना बनाकर तालाबों के सुंदरीकरण का कार्य शुरू करा दें।
कृषि प्रधान जनपद में भूगर्भ जलस्तर को दुरुस्त करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से तालाबों की खोदाई व सुंदरीकरण की योजना बनाई गई है। खंड विकास अधिकारी 11 और 12 मई को कार्ययोजना तैयार करराएंगे और 13 मई को जनपद में एक साथ 18 हजार मनरेगा मजदूरों को लगाकर तालाबों के जीर्णोद्घार का कार्य आरंभ कराया जाएगा। इस दौरान तालाबों की खोदाई के साथ ही किनारों पर मिट्टी डालकर सुंदरीकरण भी कराया जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए सुबह व शाम को 4-4 घंटे तक मनरेगा मजदूरों से कार्य लिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी डा. अभय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 13 मई से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में तालाबों की खोदाई का कार्य एक साथ आरंभ कराया जाएगा। अधिकारियों की टीम गांवों में भेजकर कार्य की निगरानी भी कराई जाएगी। इसके लिए बीडीओ को निर्देशित किया जा चुका है।